मुंबई, तीन सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बृहस्पतिवार को भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के एकदिवसीय टीम में भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच अनुभवी बल्लेबाज का पुरजोर बचाव किया और कहा कि वह ‘शानदार प्रदर्शन’ कर रहे हैं तथा टीम में उनकी जगह पर सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है।
सैकिया ने बृहस्पतिवार को भारत के लिए केवल एकदिवसीय प्रारूप में खेलने वाले रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर सवाल उठाया।
सैकिया ने यहां बीसीसीआई की समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह सभी मैच में शानदार खेल रहे हैं। तो आप और क्या चाहते हैं? पिछले मैच (इंग्लैंड के खिलाफ) में उन्होंने 138 रन बनाए थे, फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? इसलिए मैं अटकलें लगाने वालों को कोई मसाला नहीं देना चाहता।’’
सैकिया ने कहा कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल के विस्तार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। अगरकर समीक्षा बैठक में मौजूद नहीं थे। बैठक में टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल, टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में क्रिकेट निदेशक वीवीएस लक्ष्मण शामिल हुए।
अगरकर की अनुपस्थिति के बारे में सैकिया ने कहा, ‘‘आज वह शहर से बाहर थे। वह बैठक का हिस्सा नहीं बन सके क्योंकि यह बैठक बहुत कम समय के नोटिस पर बुलाई गई थी। हमारी चयन समिति के प्रमुख अजीत शहर में नहीं थे इसलिए वह इसमें शामिल नहीं हो सके। वह ऐसी जगह पर थे जहां हमारी पूरी कोशिश के बावजूद ऑनलाइन भी बैठक में शामिल नहीं हो सके।’’
अगरकर के मुख्य चयनकर्ता के तौर पर कार्यकाल विस्तार को लेकर कोई चर्चा हुई थी, इस सवाल पर सैकिया ने कहा, ‘‘आज की बैठक में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।’’
सैकिया ने लक्ष्मण की बीसीसीआई के क्रिकेट निदेशक के रूप में नियुक्ति को लेकर चल रही अफवाहों को भी खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं नई अफवाहों पर टिप्पणी नहीं करता। हमने इस तरह की कोई चर्चा नहीं की और ना ही हमारा ऐसा कोई इरादा है।’’
सैकिया ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो बीसीसीआई इस महीने के अंत में एशियाई खेलों के लिए जापान जाने वाली भारतीय पुरुष और महिला टीमों को ‘सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं’ उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाएगा।
एशियाई खेलों में सुविधाओं को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जिस पर हमने चर्चा की हो या जो आज या आज से पहले हमारे एजेंडे में रहा हो।’’
एशियाई खेल जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आयोजित होंगे।
सैकिया ने कहा, ‘‘हमें जापान में किसी तरह की परेशानी नहीं होने वाली है। अगर किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है तो हम सही समय पर उचित फैसला लेंगे जिससे कि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं मिलें। चाहे ये सुविधाएं आयोजकों की ओर से हों या जरूरत पड़ने पर बीसीसीआई खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपनी व्यवस्था करेगा।’’
सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई ने अगले साल पहली बार आयोजित होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए आईसीसी को चार स्थलों की पेशकश की थी जिनमें से दो को अंतिम रूप दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई हमेशा इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए तैयार रहता है और इसके लिए उसे कुछ श्रेय मिलना चाहिए कि हम किसी भी समय किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को समायोजित करने के लिए तैयार हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम समय में अब जब आयोजन करीब आ गया था, श्रीलंका इस टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं कर सका। बीसीसीआई ने चार स्थलों की पेशकश की जिनमें से दो का चयन किया गया।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता