Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने के प्रयास तेज, जल्द हो सकते हैं ‘‘कुछ फैसले’’

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की प्रदेश इकाई में गुटबाजी को खत्म करने और चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी के लिए अगले कुछ दिनों के भीतर ‘‘कुछ फैसले’’ कर सकती है।

सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बैठक की।

कांग्रेस सूत्रों का कहना था कि इस महीने के आखिर या अगले महीने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में बस यात्रा निकाल सकते हैं और इससे पहले पार्टी के भीतर ‘गुटबाजी’ पर विराम लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सूत्रों ने यह भी बताया, ‘‘अगले कुछ दिनों के भीतर कुछ फैसले होंगे और सबकुछ ठीक कर लिया जाएगा।

सूत्रों का कहना था कि बस यात्रा के कार्यक्रम की रूपरेखा अभी तैयार नहीं हुई हैं, लेकिन इस संभावना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है कि इसकी शुरुआत धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर अमृतसर से हो।

पार्टी नेताओं की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी शामिल नहीं थे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद पर बदलाव नहीं होने से चन्नी पिछले कुछ महीनों से नाराज बताए जा रहे हैं।

यह भी कहा जा रहा है कि यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बदलाव का फैसला करती है तो प्रताप सिंह बाजवा को जिम्मेदारी दी जा सकती हैं। हालांकि बघेल ने पिछले दिनों कई मौकों पर यह स्पष्ट रूप से कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कोई बदलाव नहीं होगा।

उन्होंने यहां तक कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव कोई ‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’ नहीं है।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

भाषा हक हक नरेश

नरेश