Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 ने 40 एटीआर विमान के लिए एक अरब डॉलर का ऑर्डर दिया

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) करीब दो साल से सक्रिय क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 ने बृहस्पतिवार को करीब एक अरब डॉलर मूल्य के 40 नए एटीआर 72-600 टर्बोप्रॉप विमान का ऑर्डर दिया।

यह दुनियाभर में किसी क्षेत्रीय विमानन कंपनी की तरफ से एटीआर विमानों की खरीद के लिए दिया गया अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।

फ्लाई91 के चेयरमैन हर्ष राघवन ने कहा कि 40 विमान का यह ऑर्डर करीब एक अरब डॉलर मूल्य का है।

कंपनी ने बयान में कहा कि इस बड़े ऑर्डर से वह अपने क्षेत्रीय नेटवर्क का विस्तार कर देश के ऐसे अधिक शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ सकेगी, जहां अभी विमान सेवा नहीं है या सीमित सेवा है।

फ्लाई91 के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज चाको ने पीटीआई-भाषा से कहा कि विमानों की आपूर्ति 2027 के अंत से शुरू होगी और 2032 तक सभी विमान मिलने की उम्मीद है।

चाको ने कहा कि फ्लाई91 इस समय 250 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की प्रक्रिया में है और प्रस्तावित राशि में से 25 प्रतिशत का वित्तपोषण हो चुका है।

विमानों के ऑर्डर पर हस्ताक्षर राष्ट्रीय राजधानी में नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू, एटीआर की सीईओ नथाली टरनॉड लॉड, राघवन, एटीआर के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी एलेक्सिस विडाल और चाको की मौजूदगी में किए गए।

एयरबस और लियोनार्डो की संयुक्त उद्यम कंपनी एटीआर की सीईओ लॉड ने कहा कि एटीआर 72-600 की बेहतर परिचालन अर्थव्यवस्था, दक्षता और विश्वसनीयता से एयरलाइन कंपनियां किफायती किराये पर यात्रियों को सेवाएं दे सकती हैं।

फिलहाल फ्लाई91 के बेड़े में छह एटीआर 72-600 विमान हैं और कंपनी हर सप्ताह 280 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। कंपनी ने कहा कि आने वाले वर्षों में उसका बेड़ा 60 से अधिक विमान का हो जाएगा।

नागर विमानन मंत्रालय में आयोजित समारोह में नायडू ने कहा कि देश में विमानन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और भारत में विमानों के निर्माण के प्रयास भी जारी हैं।

नागर विमानन मंत्री ने एटीआर से भारत में विमान निर्माण का संयंत्र लगाने की संभावनाएं तलाशने को कहा और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

नायडू ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागर विमानन बाजारों में से एक है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का अगले 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डे स्थापित करने का लक्ष्य है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय