Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

उत्तराखंड: देहरादून में प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, 1.14 लाख रुपये जुर्माना, 306 किलो प्लास्टिक जब्त

देहरादून, तीन सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून जिला प्रशासन ने एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 306 प्रतिष्ठानों पर 1.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और 306.12 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त की। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, पर्यावरण संरक्षण और शहर को स्वच्छ बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रतिबंधित एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल, भंडारण और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है और इन अधिकारियों ने अब तक शहर के विभिन्न वार्डों में 953 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया है।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान 403 प्रतिष्ठानों में एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल, भंडारण या वितरण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 306 प्रतिष्ठानों के चालान किए गए और कुल 1.14 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 306.12 किलोग्राम एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त कर उसे नष्ट किया गया।

जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों को भी एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र