Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मर्सिडीज-बेंज भारत में आने वाले वर्षों में कई नए मॉडल पेश करेगीः सीईओ

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) जर्मनी की लक्जरी वाहन कंपनी मर्सिडीज-बेंज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ओला कैलिनियस ने भारत को कंपनी के लिए एक प्रमुख वृद्धि बाजार एवं प्रौद्योगिकी केंद्र बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि आने वाले वर्षों में यहां कई नए मॉडल पेश किए जाएंगे।

कैलिनियस ने वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के वार्षिक सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मर्सिडीज भारत में एक स्थापित ब्रांड है। हमने वृद्धि की है और आने वाले कुछ वर्षों में कई दूसरे मॉडल पेश करने जा रहे हैं।’’

उन्होंने भारतीय बाजार में कंपनी के दीर्घकालिक भविष्य को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि मर्सिडीज-बेंज उसी के अनुरूप अपनी औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करेगी।

कैलिनियस ने भारत को रचनात्मकता एवं सृजन, नवोन्मेष, प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी दक्षता का बड़ा स्रोत बताते हुए कहा कि देश में प्रौद्योगिकी का मजबूत परिवेश और तेजी से विकसित हो रहा उत्पादन एवं आपूर्ति तंत्र भी मौजूद है।

उन्होंने भारत और जर्मनी की तुलना करते हुए कहा कि एक वैश्विक और प्रौद्योगिकी-केंद्रित वाहन विनिर्माता के रूप में सफल होने के लिए भारत में वे सभी जरूरी क्षमताएं मौजूद हैं, जो किसी कंपनी को आगे बढ़ने के लिए चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत एक तरह से जर्मनी से अलग नहीं है। हमने जर्मनी में अपना कारोबार शुरू किया था, लेकिन भारत एक वैश्विक प्रौद्योगिकी-केंद्रित वाहन कंपनी के रूप में आगे बढ़ने के लिए जरूरी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराता है।’’

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय