Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

आंध्र प्रदेश : टीटीडी के उप कार्यकारी अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

(तीसरे पैरा में दिन के नाम में बदलाव के साथ)

अमरावती, तीन सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के उप कार्यकारी अधिकारी (डीईओ) मेंदु लोकनाथम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।

तिरुपति में चार स्थानों पर एक साथ मारे गए छापों के दौरान करीब पांच करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

एसीबी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बुधवार को लोकनाथम और उनके रिश्तेदारों के घर समेत चार स्थानों पर छापे मारे गए।

एसीबी ने बुधवार देर शाम एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘तिरुपति में चार स्थानों पर छापे के दौरान संपत्ति के दस्तावेज और अपराध साबित करने वाली अन्य सामग्री बरामद होने के बाद लोकनाथम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया। इन संपत्तियों का मूल्य करीब पांच करोड़ रुपये है।’’

एसीबी के अनुसार, लोकनाथम के घर से मिले दस्तावेजों से पता चला कि उन्होंने तिरुपति के पीके लेआउट में एक मकान खरीदा था और उसे अपनी पत्नी के नाम पर पंजीकृत कराया था।

उन्होंने तिरुपति शहर के गोल्लावनिगुंटा आवासीय क्षेत्र में दो आवासीय भूखंड और एक इमारत भी खरीदी थी, जिन्हें उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत कराया गया था।

अधिकारियों ने तिरुपति जिले के पदिरेडु अरण्यम गांव में खरीदे गए एक भूखंड और तिरुपति शहरी क्षेत्र के श्रीनिवास नगर में खरीदे गए एक अन्य भूखंड से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए। ये दोनों संपत्तियां उनके बेटे के नाम पर पंजीकृत थीं।

छापे के दौरान लोकनाथम और उनके बेटे के नाम पर चार सावधि जमा भी मिलीं।

एसीबी ने बताया कि लोकनाथम के रिश्तेदार के घरों पर की गई तलाशी में अधिकारी की पत्नी और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज 31.9 लाख रुपये मूल्य की संयुक्त संपत्ति के दस्तावेज भी जब्त किए गए।

इसके अलावा एसीबी को दो किलोग्राम सोना, 12.5 लाख रुपये नकद और 6.5 किलोग्राम चांदी भी मिली।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(बी), जो 2018 में संशोधित की गई थी, के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी ने कहा कि यह कार्रवाई सीबीआई की ओर से दी गई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। सीबीआई ने तिरुमला के लड्डू में कथित मिलावट की जांच के दौरान टीटीडी के कुछ कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्ति के बारे में जानकारी साझा की थी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव सुभाष

सुभाष