कोलकाता, तीन सितंबर (भाषा) दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) ने भारी बारिश के बीच मैथन और पंचेत जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा है और साथ ही इसने पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में निचले इलाकों में बाढ़ की चेतावनी जारी करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
डीवीसी द्वारा बुधवार शाम पंचेत और मैथन बांधों से संयुक्त रूप से 1.2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
अधिकारियों ने बताया कि जलाशयों के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश और झारखंड के तेनुघाट बांध से पानी का स्तर बढ़ने के कारण पानी छोड़ा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि डीवीसी ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि डीवीसी द्वारा पानी छोड़े जाने से पूर्वी बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, हुगली और हावड़ा जिलों के प्रभावित होने की आशंका है।
दामोदर घाटी जलाशय विनियमन समिति (डीवीआरआरसी) ने बुधवार शाम अगले आदेश तक मैथन और पंचेत जलाशयों से पानी छोड़ने का फैसला किया।
एक अधिकारी ने कहा, “डीवीसी ने पश्चिम बंगाल सरकार, जिला प्रशासन और आसनसोल के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को सतर्क कर दिया है और उनसे नदी के किनारे वाले इलाकों में एहतियाती कदम उठाने को कहा है।”
भाषा
देवेंद्र वैभव
वैभव