Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

इंदौर में पकड़ा गया फर्जी आईएएस अफसर, पांच सितारा होटल में पार्टी का बिल चुकाए बिना चला गया था

इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन सितंबर (भाषा) इंदौर में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर रौब झाड़ने के आरोप में 28 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्तपिवार को यह जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पराग सैनी ने बताया कि आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल (28) के रूप में हुई है और वह गुजरात के अहमदाबाद शहर का रहने वाला है।

उन्होंने बताया कि पांचाल ने हाल ही में शहर के एक पांच सितारा होटल में 16 लोगों को पार्टी दी थी, लेकिन बिल भुगतान के वक्त उसने रौब झाड़ते हुए खुद को आईएएस अफसर बताया और होटल से निकल गया।

सैनी के मुताबिक पांचाल ने होटल के कर्मचारियों से कहा कि उसका निजी सहायक (पीए) दो घंटे बाद बिल चुका देगा।

उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस लसूड़िया थाना क्षेत्र में पांचाल के किराये के मकान में पहुंची, तो उसके बाहर एक फर्जी नेमप्लेट लगी मिली जिस पर ‘आईएएस राज सोनी’ और ‘डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ लिखा पाया गया।

एसीपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ के दौरान पांचाल उसके आईएएस अधिकारी होने के बारे में कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 (सरकारी अधिकारी का रूप धारण करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीपी ने बताया कि पांचाल के खिलाफ गुजरात में धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है और उसके खिलाफ विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा