Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

तीन सितंबर : हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री रेड्डी का शव मिला

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश में वाईएसआर के नाम से प्रसिद्ध तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. येदुगुड़ी संदिंती राजशेखर रेड्डी का शव 2009 में तीन सितंबर के दिन ही मिला था। उन्हें लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर दो सितंबर को नल्लामल्ला के जंगलों में लापता हो गया था और अगले दिन तीन सितंबर को कुर्नूल से कुछ दूरी पर स्थित रूद्रकोंडा की पहाड़ी पर उनका क्षत-विक्षत शव मिला।

हेलीकॉप्टर में रेड्डी के साथ जा रहे चार अन्य लोगों की भी इस हादसे में मौत हो गई थी। लगभग 24 घंटे के अभियान के बाद वायुसेना के एमआई-8 हेलीकॉप्टर ने दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर के मलबे का पता लगाया। इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने तथा इसमें सवार रेड्डी सहित सभी पांच लोगों की मृत्यु हो जाने की पुष्टि की।

तीन सितंबर 2023 को भारतीय खिलाड़ी निदा अंजुम चेलट फ्रांस के कैस्टेलसग्राट में जूनियर और युवा घुड़सवारों के लिए कठिन घुड़सवारी विश्व एंड्योरेंस चैम्पियनशिप को पूरा करने वाली पहली भारतीय बनीं। निदा ने ‘एप्सिलॉन सलू’ पर सवार होकर कुल 120 किमी की चार लूप सात घंटे और 29 मिनट में पूरी की। इस चैंपियनशिप का लक्ष्य घोड़े को कोई नुकसान पहुंचाए बिना दूरी को पूरा करना होता है।

देश-दुनिया के इतिहास में तीन सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1767 : कर्नल स्मिथ की सेना ने चंगमा की लड़ाई में निजाम और हैदर अली की संयुक्त सेना को हराया।

1833 : अमेरिका में बेंजामिन एचडे ने पहला अखबार ‘न्यूयार्क सन’ शुरू किया।

1943 : दूसरे विश्व युद्ध के दौरान मित्र राष्ट्रों ने इटली पर हमला किया।

1950 : एमीलियो नीनो फरिना पहले एफ1 वर्ल्‍ड चैपिंयन बने।

1971 : कतर स्वतंत्र राष्ट्र बना।

1984 : दक्षिण फिलीपीन में भयानक तूफान में लगभग 1300 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल।

1998 : नेल्सन मंडेला ने गुट निरपेक्ष आंदोलन शिखर सम्मेलन में कश्मीर का मुद्दा उठाया, प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कड़ी आपत्ति जताई।

2004 : 2004 को रूसी सुरक्षा बलों ने बेसलान शहर के एक स्कूल को आतंकियों से मुक्त कराया जिस पर उन्होंने एक सितंबर को कब्जा किया था। आतंकी हमलों में 186 बच्चों सहित 344 लोगों की मौत हुई।

2005 : छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के हमले में सीआरपीएफ के 24 जवान मारे गए।

2006 : भारतीय मूल के भरत जगदेव ने गुयाना के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

2008 : राजेन्द्र कुमार पचौरी संयुक्त राष्ट्र की संस्था जलवायु परिवर्तन के अंतर सरकारी पैनल (आईपीसीसी) के दोबारा प्रमुख चुने गए।

2010 : पाकिस्तान के क्वेटा में एक रैली के दौरान हुए हमले में 53 से अधिक लोगों की मौत।

2014 : भारत और पाकिस्तान में एक साथ आई बाढ़ में दो सौ से ज्यादा लोगों की मौत।

2020 : भारतीय ग्रैंडमास्टर पी इनियन ने विश्व ओपन आनलाइन शतरंज टूर्नामेंट जीता।

2021 : भारतीय निशानेबाज अवनि लेखरा ने तोक्यो में पैरालंपिक खेलों की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच1 स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया जिसके बाद वह दो पैरालंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयीं।

2022 : सोमालिया में अल-शबाब चरमपंथियों ने 20 लोगों की हत्या की।

2024 : कांगो की राजधानी किंशासा में एक मुख्य जेल को तोड़कर भागने की कोशिश के दौरान 129 कैदियों की मौत।

2025 : पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आत्मघाती विस्फोट में 14 लोगों की मौत।

भाषा मनीषा

मनीषा