नासिक, दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को महाराष्ट्र के नासिक दौरे के दौरान आदिवासी छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और कहा कि शिक्षा कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि भारत के हर छात्र का अधिकार है।
प्रतिनिधिमंडल में अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल कर रहे छात्र भी शामिल थे।
गांधी ने कहा कि वंचित समुदायों के छात्रों की व्यवस्था द्वारा अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज महाराष्ट्र के नासिक में मैंने आदिवासी छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिसमें अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल कर रहे छात्र भी शामिल थे। मैंने उनकी समस्याओं और मांगों को ध्यान से सुना।’’
उन्होंने कहा कि हर छात्र को पढ़ाई के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और अनुकूल माहौल पाने का अधिकार है।
गांधी ने कहा, ‘‘वंचित समुदायों के छात्रों की व्यवस्था द्वारा अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्हें व्यवस्था के सहयोग और हर संभव मदद की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षा कोई विशेषाधिकार नहीं है - यह भारत के हर छात्र का अधिकार है।’’
छात्र विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इनमें आदिवासियों के लिए बनाए गए आश्रम विद्यालयों की खराब स्थिति का मुद्दा भी शामिल था।
भाषा शफीक रंजन
रंजन