Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे अगला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, बनेगी पूर्ण बहुमत की सरकार : शिवपाल

(फाइल फोटो के साथ)

एटा (उप्र), दो सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को कहा कि सपा और कांग्रेस 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

शिवपाल यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सपा और कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी तक अपनी चुनावी रणनीति का खुलासा नहीं किया है और सही समय आने पर सब कुछ पता लग जाएगा।

सपा महासचिव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को खत्म करना चाहती है।

सपा नेताओं को निशाना बनाने के लिए भाजपा द्वारा कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बने (एआई-जेनरेटेड) वीडियो के इस्तेमाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा ने यह चलन शुरू किया था और सपा ने केवल 'उस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया' दी थी।

उन्होंने कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि सड़कों की हालत एवं एक्सप्रेसवे पर गड्ढों ने विकास के उसके दावों की पोल खोल दी है।

शिवपाल यादव ने इन दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर खासे हमलावर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर उनकी हालिया टिप्पणियों पर भी निशाना साधा और कहा कि सपा के साथ गठबंधन के दौरान भाजपा के खिलाफ राजभर के सारे बयान 'रिकॉर्ड' हैं।

सपा महासचिव ने फेफड़े की बीमारी से जूझ रहे सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव से मुलाकात भी की। उन्होंने सपा नेता शराफत हुसैन के पिता हाजी अब्दुल अजीज के निधन पर संवेदना भी व्यक्त की।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार