Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

त्रिपुरा के खोवाई में मवेशी चोरी के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

अगरतला, दो सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के खोवाई जिले में मवेशी चोरी के संदेह में बुधवार को 45 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बागबेर इलाके में हुई, जब जिले के गिलातली का निवासी जलील रहमान खरीदी गई दो गायों को लेकर अपने घर लौट रहा था।

कल्याणपुर थाने के प्रभारी अधिकारी आशीष सरकार ने कहा, 'ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ लोगों के एक समूह ने रहमान पर हमला कर दिया। उन्हें संदेह था कि वह मवेशी चोर है, क्योंकि वह असामान्य समय पर तड़के करीब 4:45 बजे दो गायों को लेकर घर लौट रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'

पुलिस ने कहा कि उन्होंने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने पर विचार किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि मृतक का परिवार शिकायत दर्ज कराएगा।

सरकार ने कहा, 'हम मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज करना चाहते थे, लेकिन हमें बताया गया कि पीड़ित का परिवार एक विशेष मामला दर्ज कराएगा। हम जरूरी कार्रवाई करने के लिए औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रहे हैं।'

उन्होंने बताया कि रहमान का स्थानीय थाने में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।

भाषा शुभम रंजन

रंजन