Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

भारत-ब्राजील फुटबॉल मैत्री मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री को जबरदस्त प्रतिक्रिया

कोलकाता, दो सितंबर (भाषा) फुटबॉल के प्रति जुनून के लिए मशहूर कोलकाता के प्रशंसकों ने अगले महीने होने वाले बहुप्रतीक्षित भारत-ब्राजील मैत्री मैच के लिए बुधवार को ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही जबरदस्त उत्साह दिखाया। इस मुकाबले के कम कीमत वाले टिकट ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही बिक गए।

भारत तीन अक्टूबर को पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील से भिड़ेगा। खेल और खासकर ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के प्रति जुनूनी इस शहर में मुकाबले को लेकर फुटबॉल का रोमांच पहले ही चरम पर पहुंचने लगा है।

टिकटों की कीमत 999 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक है। बुधवार को कुल कितने टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए इसका तत्काल पता नहीं चल सका। हालांकि विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (वीवाईबीके) में होने वाले इस मुकाबले के लिए ‘डिस्ट्रिक्ट’ पर ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही कम कीमत वाले टिकट बिक गए।

टिकटों की कीमत 999 रुपये, दो हजार रुपये, ढाई हजार रुपये, साढ़े तीन हजार रुपये, साढ़े चार हजार रुपये, छह हजार रुपये, सात हजार रुपये, नौ हजार रुपये और वीआईपी सीटों के लिए 15 हजार रुपये रखी गई है।

वीवाईबीके की दर्शक क्षमता करीब 67,000 है और उम्मीद है कि इनमें से 70 प्रतिशत सीटों के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

भारतीय टीम इस हाई प्रोफाइल मैत्री श्रृंखला में पनामा और दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे से भी भिड़ेगी।

भारत 26 सितंबर को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में पनामा की मेजबानी करेगा। इसके बाद टीम कोलकाता पहुंचेगी जहां तीन अक्टूबर को ब्राजील और फिर छह अक्टूबर को उरुग्वे का सामना करेगी।

ब्राजील के खिलाफ मुकाबले के टिकट केवल ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं और काउंटर से टिकट नहीं मिलेंगे। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) इस बार भौतिक टिकट जारी नहीं करेगा। सभी पास डिजिटल प्रारूप में दिए जाएंगे जैसा फीफा विश्व कप के दौरान किया गया था।

भारत के मुख्य कोच खालिद जमील ने फीफा मैत्री मुकाबलों के लिए 26 सदस्यीय टीम की घोषणा पहले ही कर दी है। राष्ट्रीय शिविर 14 सितंबर से बेंगलुरु में शुरू होगा। पनामा के खिलाफ मुकाबले के दो दिन बाद 28 सितंबर को टीम कोलकाता रवाना होगी।

तीनों प्रतिद्वंद्वी इस साल की शुरुआत में फीफा विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता