नासिक (महाराष्ट्र), दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पार्टी के जिला स्तरीय नेताओं के साथ बुधवार को यहां मुलाकात कर उनसे पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने और लोगों के लिये न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष यहां जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर के आखिरी दिन के सत्र में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनने का महत्व बताते हुए जूजित्सु और कराटे का प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी मार्शल आर्ट्स में दक्ष हैं।
कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य आरिफ नसीम खान ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में बताया कि गांधी ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से भी मुलाकात की।
खान ने कहा, ‘‘उन्होंने संदेश दिया कि कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहें और यह सुनिश्चित करने के लिये संघर्ष करें कि लोगों को न्याय मिले।”
गांधी सुबह नासिक पहुंचे व महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर जाने से पहले आदिवासी छात्रों से बातचीत की।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने जिला अध्यक्षों के साथ लगभग दो घंटे तक बातचीत की। साथ ही, उन्होंने मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनने का महत्व बताते हुए जूजित्सु और कराटे का प्रदर्शन किया।
इससे पहले दिन में नासिक की महापौर हिमगौरी आहेर-अडके, भाजपा की अन्य महिला नेताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी के दौरे के विरोध में मार्च निकाला। उन्होंने कांग्रेस पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का विरोध करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि पिछले दस दिनों से लगभग 80 जिला इकाई अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो रहे हैं।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “आज आखिरी दिन है और राहुल जी शिविर के समापन के लिए दिल्ली से आए हैं। इससे पहले उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। हमने नासिक कुंभ मेला, महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और एक लाख करोड़ रुपये के शक्तिपीठ राजमार्ग के खिलाफ किसानों के विरोध जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की।”
भाषा
प्रशांत पवनेश
पवनेश