Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

सस्ते मकानों और शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर ठाणे के बुजुर्ग समेत अन्य से तीन करोड़ रुपये की ठगी

ठाणे, दो सितंबर (भाषा) सस्ते मकानों की योजनाओं और शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठाणे के एक वरिष्ठ नागरिक और उनके परिचितों से कथित तौर पर लगभग तीन करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक दंपति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नौपाडा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने 64 वर्षीय पीड़ित को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी स्थित मानकोली में अपनी आवास परियोजना में आसान किस्तों पर सस्ते फ्लैट देने की पेशकश कर लालच दिया था।

उन्होंने शेयर ट्रेडिंग में किए गए निवेश पर 12 प्रतिशत प्रति माह की दर से आकर्षक ब्याज देने का भी वादा किया था। इन वादों पर भरोसा करते हुए पीड़ित ने अपने और अपने रिश्तेदारों के नाम पर 2.24 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया।

समय बीतने के साथ आरोपियों ने पीड़ित को केवल 1.06 करोड़ रुपये ही लौटाए।

अधिकारी ने बताया कि अपराध करने के इसी तरीके का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों ने पीड़ित के परिचितों का भी विश्वास जीता और उनसे 1.79 करोड़ रुपये ठग लिए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने 31 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण (एमपीआईडी) अधिनियम के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

फिलहाल इस मामले में अब तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

भाषा सुमित माधव

माधव