Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

जम्मू-कश्मीर में नेकां और भाजपा के प्रदर्शन पर महबूबा ने उठाए सवाल, दोहरे मापदंड का आरोप

श्रीनगर, दो सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों के बीच पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को अधिकारियों पर राजनीतिक दलों के प्रदर्शनों को लेकर ‘‘दोहरे मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया।

महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वही पुलिस जो पीडीपी को जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अपने कार्यालय से बाहर निकलने की अनुमति नहीं देती, उसने भाजपा और नेकां दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन करने में मदद की।’’

पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी लाल चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक बड़े प्रदर्शन के बाद आई। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र शासित प्रदेश में नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी राजबाग में केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्र पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।

महबूबा ने कहा, ‘‘इस स्पष्ट दोहरे मापदंड की व्याख्या होनी चाहिए। इन चुनिंदा पाबंदियों को मंजूरी कौन देता है और अलग-अलग राजनीतिक दलों के लिए कानून अलग-अलग तरीके से क्यों लागू किया जाता है?’’

पीडीपी के पुलवामा से विधायक वहीद पारा ने भाजपा और नेकां के प्रदर्शनों को ‘‘फिक्स मैच’’ करार दिया।

पारा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज के नेकां-भाजपा प्रदर्शन केवल तमाशा हैं। जम्मू-कश्मीर में शासन व्यवस्था विफल होने और बेरोजगारी बढ़ने के बीच वे उन लोगों के साथ फिक्स मैच खेलते नजर आ रहे हैं, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था। लोग दर्शक नहीं हैं, वे सब याद रखते हैं।’’

भाषा

मनीषा नरेश

नरेश