Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

वित्त मंत्री सीतारमण ने अपने रूसी समकक्ष सिलुआनोव से मुलाकात की, एससीओ विकास बैंक पर चर्चा

वॉशिंगटन, दो सितंबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने रूसी समकक्ष एंटोन सिलुआनोव से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने तथा शंघाई सहयोग संगठन विकास बैंक की स्थापना पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने यहां से करीब 760 किलोमीटर दूर एशविल में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) की बैठक से इतर सोमवार को मुलाकात की।

वित्त मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने, क्षेत्रीय एवं वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम तथा बहुपक्षीय क्षेत्र में साझा हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

सीतारमण और सिलुआनोव ने ‘न्यू डेवलपमेंट बैंक’ तथा ‘एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट बैंक’ में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने दोनों संस्थानों को प्रभावी बहुपक्षीय विकास बैंकों के रूप में मजबूत करने के लिए साझा हित वाले क्षेत्रों की संभावनाएं भी तलाशीं।

बयान में कहा गया, ‘‘उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन विकास बैंक की स्थापना पर भी चर्चा की।’’

जी20 में सिलुआनोव की मौजूदगी अमेरिका में इस बहुपक्षीय मंच की बैठक में किसी रूसी नेता की पहली व्यक्तिगत भागीदारी थी।

इससे पहले सिलुआनोव ने अप्रैल 2022 में जी20 की बैठक में ऑनलाइन हिस्सा लिया था, जिसके विरोध में कई पश्चिमी देशों के वित्त मंत्रियों ने बैठक से बाहर निकलकर प्रदर्शन किया था।

रूस ने 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया प्रायद्वीप पर कब्जा करने के बाद सबसे विकसित औद्योगिक देशों के समूह जी-8 से अपनी सदस्यता गंवा दी थी, लेकिन वह जी20 का सदस्य बना हुआ है।

जी-8 में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं।

सिलुआनोव को आमंत्रित किए जाने के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में पत्रकारों के सवाल पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा, ‘‘देखते हैं क्या होता है, लेकिन हम सभी के साथ अच्छे संबंध रखना पसंद करते हैं। मेरी सफलता का एक कारण यह है कि मैं सभी के साथ अच्छे संबंध रखता हूं।’’

सिलुआनोव ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने रूस-अमेरिका वित्तीय संबंधों और जी20 के भीतर सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा