फरीदाबाद, एक सितंबर (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने मंगलवार को अपने स्कूल की इमारत की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर जान दे दी।
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि एक शिक्षक से सजा मिलने के बाद उसने यह कदम उठाया।
हालांकि, गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक आर के शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों से इनकार किया।
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने कहा, ‘‘जिन हालात में छात्रा ने यह कदम उठाया, उन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी। जांच जारी है।’
पुलिस के मुताबिक, मृत छात्रा के माता-पिता ने दावा किया कि उसे शिक्षक ने इसलिए डांटा था क्योंकि ‘‘वह बिना किसी को बताए बिरयानी खाने चली गई थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सजा के तौर पर छात्रा को स्कूल में लगातार चार घंटे तक खड़ा रखा गया।
पुलिस ने बताया कि इससे आहत होकर छात्रा ने अपनी जान दे दी।
पुलिस ने बताया कि गिरने के बाद छात्रा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
भाषा अविनाश जितेंद्र
जितेंद्र