Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

उप्र : बहराइच में चारपाई पर सो रहे युवक को उठाकर ले गया तेंदुआ

बहराइच, एक सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के एक गांव में मंगलवार तड़के घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे एक युवक पर तेंदुए ने कथित तौर पर हमला किया और उसे उठाकर ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि ककरहा रेंज के महबूबनगर गांव में तड़के एक तेंदुआ घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहे राम सिंह (28) को उठाकर ले गया।

उन्होंने बताया कि सुबह राम सिंह को बिस्तर पर नहीं पाकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उनकी तलाश में निकले। कुछ देर बाद घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में उनका शव मिला।

इस घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और मोतीपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वनकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तेंदुए के पगचिह्न भी मिले हैं।

डीएफओ ने बताया कि युवक की मौत के बाद प्रभावित परिवार को तत्काल 10,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव के हमले में मौत के मामले में शासन से अनुमन्य पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

दीक्षित ने बताया कि पिछले करीब छह सप्ताह के दौरान कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिंजरे लगाकर नौ तेंदुओं को पकड़ा गया और उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वास स्थलों में छोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार तड़के हुई इस घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है और इसके लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही पिंजरा स्थापित कर दिया जाएगा।

वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न जाने देने की अपील की है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत