Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

भाजपा नेता नितिन नवीन ने रूसी राजदूत से मुलाकात की

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव से मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। इस बातचीत में भारत और रूस के प्रगाढ संबंधों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।

इस मुलाकात के दौरान, नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मजबूत व्यक्तिगत समझ और भरोसे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच नियमित बातचीत से द्विपक्षीय संबंधों को लगातार गति मिली है।

भाजपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और पुतिन की सोमवार को हुई मुलाकात का भी बातचीत में जिक्र किया गया।

बयान में कहा गया है कि नवीन और अलीपोव ने द्विपक्षीय संबंधों के स्थायी आधार के रूप में लोगों से लोगों के संपर्क के महत्व पर भी जोर दिया। अलीपोव ने रूस में कुशल भारतीय पेशेवरों के लिए बढ़ती संभावनाओं को रेखांकित किया।

नवीन ने अलीपोव को भाजपा की संगठनात्मक यात्रा, जमीनी ढांचे और कामकाज के बारे में भी जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि अलीपोव ने असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी की हालिया चुनावी जीत पर नवीन और भाजपा को बधाई दी और पार्टी की संगठनात्मक ताकत तथा जमीनी मौजूदगी की सराहना की।

उन्होंने लोगों के साथ सीधा और नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की तारीफ की और इसे अनूठी पहल बताया।

दोनों पक्षों ने 2027 में भारत-रूस राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने को महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना और भरोसा जताया कि यह अवसर द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए तथा अधिक अवसर प्रदान करेगा, खासकर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और लोगों से लोगों के आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में।

इस बैठक के दौरान भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी मौजूद थे।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश