Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष को नलगोंडा में पार्टी नेता के घर जाने से पहले पुलिस ने नजरबंद किया

हैदराबाद, एक सितंबर (भाषा) भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को मंगलवार को पुलिस ने कथित तौर पर नजरबंद कर दिया, जो नलगोंडा जाना चाहते थे।

राव पार्टी की जिला इकाई के अध्यक्ष एन. वर्षित रेड्डी के प्रति एकजुटता दिखाने नलगोंडा जाना चाहते थे, जिनके घर पर कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस के गुंडों द्वारा मेरे नलगोंडा ज़िला अध्यक्ष के घर में तोड़-फोड़ किए जाने के बाद, उनसे मिलने जाने से रोकने के लिए कांग्रेस ने मुझे गिरफ़्तार कर लिया है। मैं उनके प्रति अपना समर्थन जताने के लिए उनसे मिलना चाहता था।’’

राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र और संविधान की पूरी तरह अनदेखी करते हुए उन्हें ‘‘गिरफ्तार’’ किया।

नलगोंडा शहर में 31 अगस्त को राज्य के सड़क और भवन मंत्री कोमाटीरेड्डी वेंकट रेड्डी के कैंप कार्यालय के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर वर्षित रेड्डी के घर में तोड़-फोड़ की।

हैदराबाद में भाजपा कार्यालय के द्वार पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा काला रंग फेंके जाने की घटना की निंदा करते हुए, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर अंडे और टमाटर फेंके, साथ ही वेंकट रेड्डी के कार्यालय के बाहर पुतला जलाया और एक बैनर को आंशिक रूप से फाड़ दिया।

इस बीच, मंगलवार को तेलंगाना के यदाद्रि भुवनगिरि जिले में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन तथा जवाबी प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके दोनों पक्षों के सदस्यों को वहां से हटा दिया।

आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भुवनगिरि से कांग्रेस विधायक के. अनिल कुमार रेड्डी के कैंप कार्यालय में गमलों को नुकसान पहुंचाया और परिसर के प्रवेश द्वार पर काली स्याही भी फेंकी।

इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने 14 भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विधायक के कैंप कार्यालय पर हुए हमले के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के सामने एकत्र हुए और पत्थर फेंकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।

अधिकारी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित ‘शुद्धीकरण’ कार्यक्रम की निंदा करते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 31 अगस्त को यहां भाजपा की तेलंगाना इकाई के कार्यालय पर प्रदर्शन किया था और इसके पिछले द्वार पर काला रंग फेंका था।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव