नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) की कुल बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 5.79 लाख इकाई रही।
कंपनी की कुल बिक्री अगस्त, 2025 में 5.34 लाख इकाई रही थी।
एचएमएसआई ने मंगलवार को बयान में कहा कि पिछले महीने घरेलू बिक्री 5.17 लाख इकाई रही, जो सालाना आधार पर आठ प्रतिशत की वृद्धि है।
कंपनी का निर्यात अगस्त, 2026 में 15 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 61,000 इकाई रहा। पिछले साल समान अवधि में निर्यात 53,000 इकाई था।
वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त की अवधि के दौरान एचएमएसआई की कुल बिक्री 27.33 लाख इकाई रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 24.25 लाख इकाई थी।
कंपनी ने कहा कि पांच महीने की इस अवधि में घरेलू बिक्री 24.07 लाख इकाई रही, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत अधिक है। वहीं, निर्यात 3.26 लाख इकाई रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 2.49 लाख इकाई था।
भाषा
यासिर अजय
अजय