गुवाहाटी, एक सितंबर (भाषा) असम के गुवाहाटी में मंगलवार को भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना शहर के माथघरिया इलाके में उस समय हुई, जब परिवार के लोग घर में सो रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘भूस्खलन के कारण दंपति और उनकी बेटी की मौत हो गई। शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना में दंपति का बेटा घायल हो गया और उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात से इलाके में भारी बारिश हो रही है और संभवत: इसी के कारण भूस्खलन हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिहाड़ी मजदूरी करने वाला यह व्यक्ति कई वर्षों से अपने परिवार के साथ इस इलाके में रह रहा था।
उनके अनुसार, यह घटना सुबह करीब आठ बजे हुई, जब भूस्खलन के कारण मकान पूरी तरह ज़मींदोज़ हो गया।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, 'लड़के का सिर एक ड्रम के भीतर फंस जाने के कारण उसकी जान बच गई। ड्रम की वजह से वह भूस्खलन के सीधे और बड़े प्रभाव से बच सका।'
यह युवक (19) एक निजी कंपनी में काम करता था, जबकि इस हादसे में जान गंवाने वाली उसकी बहन पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे दिमोरिया के विधायक तपन दास ने कहा कि सरकार जीवित बचे व्यक्ति को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
दास ने कहा, 'यह बेहद दुखद घटना है। हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जीवित बचे युवक को नियमानुसार हर संभव सहायता मिले।'
विधायक ने बताया कि क्षेत्र के अन्य मकानों के खतरे का भी आकलन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।
भाषा
सुमित दिलीप
दिलीप