Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की भतीजी अपने आवास पर फंदे से लटकी मिलीं

कोलकाता, एक सितंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख तथा पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी बृष्टि मुखर्जी मंगलवार को बीरभूम जिले में अपने आवास पर फंदे से लटकी मिलीं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ममता बनर्जी के ममेरे भाई निहार मुखर्जी की 28 वर्षीय पुत्री बृष्टि मुखर्जी का शव मंगलवार दोपहर रामपुरहाट के कुसुम्बा गांव में उनके घर की दूसरी मंजिल के एक कमरे से बरामद किया गया।

निहार मुखर्जी पहले रामपुरहाट-प्रथम प्रखंड के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ बृष्टि मुखर्जी के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही चल पाएगा।’’

परिवार के सदस्यों के अनुसार, बृष्टि मुखर्जी पिछले कुछ वर्षों से अवसाद से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था।

उन्होंने यह भी बताया कि वह व्यक्तिगत एवं पेशेवर बातों को लेकर भी तनाव में थीं।

परिजनों ने बताया कि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कथित भ्रष्टाचार के कारण भर्ती रद्द करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद उनकी नौकरी चली गई थी।

बृष्टि के परिवार वालों ने बताया कि वह तलाक की प्रक्रिया से गुजर रही थीं, जिससे हाल के महीनों में उनकी परेशानी और बढ़ गई थी।

परिवार के एक सदस्य ने बताया,‘‘मुखर्जी एक कमरे में फंदे से लटकी हुई मिलीं। ’’

एक अन्य रिश्तेदार ने कहा,‘‘बृष्टि अपने कमरे में अकेली रहती थीं और हमसे ज़्यादा बात नहीं करती थीं। पिछले कुछ दिनों में हममें से किसी ने भी उन्हें बाहर नहीं देखा।’’

पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया और जांच के तहत परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।

एक अन्य अधिकारी ने कहा,‘‘यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। मौत की सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गयी है। पोस्टमॉर्टम और जांच के अन्य पहलू पूरे होने तक मौत के हालात के बारे में कोई नतीजा नहीं निकाला जाएगा।’’

भाषा राजकुमार

राजकुमार