Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

जम्मू-कश्मीर में करीब 2,700 करोड़ रुपये की तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी

श्रीनगर, एक सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय उच्चाधिकार प्राप्त संचालन समिति (यूटीएचपीएससी) ने मंगलवार को लगभग 2,700 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आवास एवं शहरी विकास विभाग (एचएंडयूडीडी) द्वारा चिह्नित की गई इन परियोजनाओं में जम्मू की 'तरंग' (तवी क्षेत्र पुनरुद्धार एवं हरित विकास), चारदीवारी वाले श्रीनगर के पुराने इलाके (वॉल्ड सिटी) व निगीन लेकफ्रंट पुनरुद्धार और रियासी की 'कृपा' (एकीकृत तीर्थ सुविधाओं के माध्यम से कटरा का पुनरुद्धार) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं को इस तरह तैयार किया गया है जिसमें सरकारी निवेश के साथ-साथ बाजार आधारित वित्तपोषण और निजी भागीदारी को जोड़ा जा सके, ताकि आधुनिक, टिकाऊ और आर्थिक रूप से जीवंत शहरी क्षेत्र विकसित किए जा सकें।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में टिकाऊ और निवेश-संचालित शहरी कायाकल्प को गति देने की दिशा में एक बड़े कदम के तहत मुख्य सचिव अटल डुल्लू की अध्यक्षता वाली समिति (यूटीएचपीएससी) ने भारत सरकार के 'शहरी चुनौती कोष' (यूसीएफ) के तहत 2,692.58 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

प्रवक्ता ने कहा कि यह मंजूरी बड़े पैमाने पर विकास के लिए अतिरिक्त संस्थागत, नगर निकाय और निजी पूंजी के रास्ते खोलने के साथ-साथ, बदलावकारी शहरी बुनियादी ढांचे के लिए यूसीएफ (शहरी चुनौती कोष) ढांचे का लाभ उठाने के जम्मू-कश्मीर के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन