Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

भाजपा ने पंजाब विश्वविद्यालय चुनाव में अध्यक्ष पद जीतने पर एबीवीपी को बधाई दी

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब विश्वविद्यालय परिसर छात्र परिषद (पीयूसीएससी) के अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत पर मंगलवार को संगठन को बधाई दी और इसे पंजाब में ‘‘बदलाव की शुरुआत’’ बताया जहां कुछ महीने में विधानसभा चुनाव होना है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। उसके उम्मीदवार अंकित बिढान ने सोमवार को जीत हासिल की।

विश्वविद्यालय चुनाव में एबीवीपी की जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल के छात्र संगठन स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया ने उसे समर्थन दिया था।

एबीवीपी ने पिछले साल पहली बार छात्र परिषद के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘यह बड़ी जीत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब विश्वविद्यालय, पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश का प्रमुख केंद्र है। वहां एबीवीपी के उम्मीदवार का अध्यक्ष पद जीतना एक बदलाव की शुरुआत है। हमें एबीवीपी की जीत पर गर्व है। बधाई।’’

केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने भी एबीवीपी की जीत को ‘‘प्रभावशाली’’ बताया। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि आज के युवा ‘‘राष्ट्र प्रथम की भावना’’ के साथ मजबूती से खड़े हैं।

नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब विश्वविद्यालय छात्र परिषद चुनाव में इस प्रभावशाली जीत के लिए एबीवीपी के प्रत्येक कार्यकर्ता को बधाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित एबीवीपी राष्ट्रवाद और नि:स्वार्थ सेवा के लिए प्रतिबद्ध पीढ़ी तैयार करने का काम जारी रखे हुए है। यह जीत साबित करती है कि आज के युवा गर्व के साथ राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़े हैं।’’

भाषा अमित रंजन

रंजन