Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मुंबई में महानगर गैस ने सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए

मुंबई, एक सितंबर (भाषा) महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई और अपने अन्य परिचालन क्षेत्रों में कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है।

कंपनी ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बाद गैस की लागत बढ़ने के कारण यह कदम उठाया है।

एमजीएल ने मंगलवार को बयान में कहा कि संशोधित दरों के अनुसार, मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत अब 88 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

यह बढ़ोतरी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा दिल्ली में सीएनजी की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 86.98 रुपये किए जाने के बाद की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की कीमत पहले 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस वृद्धि के साथ इस साल दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में कुल 10 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।

साल की शुरुआत में दिल्ली में सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। मई के दूसरे पखवाड़े में इसे चार किस्तों में कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया था, जिसके बाद इसकी कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी।

एमजीएल ने कहा कि सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि का उद्देश्य गैस की बढ़ी लागत की आंशिक भरपाई करना और ग्राहकों को निरंतर तथा टिकाऊ आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

कंपनी ने इसी तारीख से पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की कीमत भी एक रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) बढ़ा दी है।

एमजीएल मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और धाराशिव के अलावा चित्रदुर्ग और दावणगेरे में शहर गैस वितरण नेटवर्क का संचालन करती है।

कंपनी के मुताबिक, वह 500 से अधिक स्टेशन के नेटवर्क के जरिये 13 लाख से अधिक वाहनों को सीएनजी की आपूर्ति करती है। इसके अलावा उसके परिचालन क्षेत्रों में करीब 30 लाख घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है।

भाषा यासिर अजय

अजय