(फाइल फोटो के साथ)
पणजी, एक सितंबर (भाषा) दिल्ली जा रहा इंडिगो का एक विमान मंगलवार सुबह उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद एक इंजन के आसमान में काम करना बंद कर देने के कारण गोवा लौट आया और मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा। विमान में 229 यात्री सवार थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि विमान उत्तर गोवा के मोपा स्थित हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2102 ने सुबह नौ बजकर 16 मिनट पर गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान एक इंजन में खराबी का पता चलने के बाद गोवा लौट आया। हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने सुबह करीब नौ बजकर 30 मिनट पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर दी और विमान नौ बजकर 51 मिनट पर रनवे संख्या 28 पर सुरक्षित उतर गया।’’
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में 229 यात्री सवार थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘विमान के एक इंजन में खराबी आने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा।’’
इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, ‘‘उत्तर गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी का पता चला।’’
एयरलाइन ने कहा, ‘‘मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पायलट विमान को वापस ले आए तथा उसे मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा।’’
इंडिगो ने बताया कि विमान की फिलहाल रखरखाव संबंधी जांच की जा रही है और सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद ही इसका दोबारा परिचालन किया जाएगा।
विमानन कंपनी ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
मनीषा
मनीषा