नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) वाहन विनिर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के कृषि उपकरण व्यवसाय की घरेलू ट्रैक्टर बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर पांच प्रतिशत बढ़कर 27,595 इकाई हो गई। कंपनी ने अगस्त 2025 में 26,201 ट्रैक्टर बेचे थे।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में बताया कि घरेलू बिक्री और निर्यात समेत कुल ट्रैक्टर बिक्री अगस्त 2026 में 29,507 इकाई रही जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 28,117 इकाई थी। इस महीने में 1,912 ट्रैक्टर का निर्यात किया गया।
एमएंडएम के कृषि उपकरण व्यवसाय के अध्यक्ष विजय नाकरा ने कहा, ‘‘अगस्त 2026 में घरेलू बाजार में हमने 27,595 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है।’’
इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा के ट्रक और बस कारोबार ने अगस्त 2026 में 2,495 वाहन बेचे, जो सालाना आधार पर 47 प्रतिशत की वृद्धि है।
महिंद्रा के ट्रक एवं बस कारोबार में महिंद्रा ट्रक एंड बस खंड (एमटीबीडी) और एसएमएल महिंद्रा लिमिटेड (एसएमएल) शामिल हैं।
महिंद्रा समूह के ट्रक एवं बस व्यवसाय खंड के अध्यक्ष और एसएमएल महिंद्रा के कार्यकारी चेयरमैन विनोद सहाय ने कहा, ‘‘ ट्रक और बस खंड को बुनियादी ढांचे पर अधिक खर्च, माल ढुलाई की बढ़ती मांग और पुराने वाहनों को बदलने की मांग से लगातार समर्थन मिल रहा है, जबकि कच्चे माल तथा ईंधन की बढ़ती लागत अब भी चुनौती बनी हुई है।’’
भाषा निहारिका
निहारिका