Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

उत्तर प्रदेश में पटाखा फैक्टरी विस्फोट में लोगों की मौत बेहद पीड़ादायक : राष्ट्रपति मुर्मू

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में लोगों की मौत बेहद पीड़ादायक है और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

अधिकारियों के अनुसार कौशांबी जिले में सोमवार दोपहर हुए भीषण विस्फोट में आठ बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, फैक्टरी का लाइसेंस 2024 में ही रद्द कर दिया गया था।

मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’

कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पुलिस, दमकल और वायुसेना के कर्मियों की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग फैक्टरी के आसपास के इलाके में रहते थे।

कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल ने बताया कि मनौरी गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हुआ और इसके प्रभाव से फैक्टरी से सटे पांच-छह मकान भी ढह गए।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘फैक्टरी को 2019 में विस्फोटक लाइसेंस दिया गया था, जो मूल रूप से 2026 तक वैध था। हालांकि, लाइसेंस 2024 में रद्द कर दिया गया था। इस बात की विस्तृत जांच की जा रही है कि लाइसेंस रद्द होने के बाद भी फैक्टरी में कैसे निर्माण कार्य जारी था और हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश