Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

कॉलेज की दीवार से प्रधानमंत्री की तस्वीर हटाने पर मनसे नेता अमित ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज

पुणे, 31 अगस्त (भाषा) पुणे के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में सोमवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे और अन्य लोगों के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने कथित तौर पर अपने समर्थकों से प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटाने को कहा। कार्यालय की दीवार पर छत्रपति शिवाजी महाराज, बी. आर. आंबेडकर तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीरें थीं।

मनसे की छात्र इकाई के प्रमुख अमित ठाकरे सदस्यता अभियान के सिलसिले में सोमवार दोपहर कॉलेज के दौरे पर थे।

कॉलेज के एक अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि ठाकरे और अन्य लोगों ने बिना अनुमति के कार्यालय में प्रवेश किया और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटा दी।

शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने शिकायतकर्ता और अन्य कर्मचारियों को धमकियां भी दीं, नारेबाजी की और हंगामा किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चतुर्श्रृंगी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

पत्रकारों से बात करते हुए अमित ठाकरे ने कहा कि उनके राजनीतिक करियर में उनके खिलाफ दर्ज पहला पुलिस मामला छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े एक आंदोलन के कारण दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा, 'अगर दूसरा मामला भी छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए दर्ज हुआ है, तो मुझे खुशी होगी।'

वहीं, भाजपा नेता गणेश बिडकर ने कहा कि अमित ठाकरे ने इस हरकत से अपनी राजनीतिक अपरिपक्वता दिखाई है।

उन्होंने कहा, 'सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और महान हस्तियों की तस्वीरें लगाना निर्धारित प्रोटोकॉल है। ऐसा लगता है कि ठाकरे को इसकी जानकारी नहीं है।'

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश