Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

उप्र: मां की डांट से 15 वर्षीय लड़की गुस्से में पानी की टंकी पर चढ़ी, पुलिस ने उतारा

गोरखपुर, 31 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मां की कथित डांट से नाराज 15 वर्षीय एक लड़की रविवार दोपहर महादेव झारखंडी कॉलोनी में पानी की टंकी पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस के मुताबिक, लड़की पैर लटकाकर पानी की टंकी पर बैठी थी, जिससे वहां से गुजर रहे लोगों का ध्यान उसकी ओर गया।

पुलिस ने बताया कि आवास विकास, शिवपुर में रहने वाली लड़की अपराह्न करीब डेढ़ बजे टंकी पर चढ़ी थी और स्थानीय लोगों व पुलिस के बार-बार अनुरोध के बावजूद उसने नीचे आने से इनकार कर दिया था।

इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस अधिकारी उसे समझाने का प्रयास करते रहे।

पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर लड़की को गिरकर घायल होने से बचाने के लिए टंकी के नीचे गद्दे बिछाए गए और करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने अलग तरीका अपनाया।

उन्होंने लड़की को बातचीत में उलझाए रखा, फिर टंकी पर चढ़कर उसका विश्वास जीता।

पुलिस के मुताबिक, खरवार ने लड़की को भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और परिवार से भी इस संबंध में बातचीत की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि उपनिरीक्षक खरवार ने नाबालिग का हाथ पकड़ लिया और अन्य सहकर्मियों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे ले आईं।

पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिश पाटिल के मुताबिक, लड़की ने बाद में पुलिस को बताया कि उसकी मां ने फोन पर एक लड़के से बात करने को लेकर उसे डांटा-फटकारा था, इससे परेशान होकर वह गुस्से में पानी की टंकी पर चढ़ गई थी।

पुलिस ने बताया कि लड़की को चिकित्सकीय जांच और परामर्श के लिए एम्स ले जाया गया और उपचार के बाद उसे शाम को घर भेज दिया गया।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र