Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मान ‘तानाशाह’, अपनी मांग रखने वाले कर्मियों का कर रहे हैं ‘उत्पीड़न’: भाजपा

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने सोमवार को आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उन सरकारी कर्मचारियों का ‘उत्पीड़न’ कर रहे हैं जो लंबित महंगाई भत्ता सहित विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।

केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘तानाशाह’ करार दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार ने उन कर्मचारियों की सूची तैयार करने का आदेश जारी किया है जो हाल ही में अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल हुए थे।

भाटिया ने कहा, ‘‘29 अगस्त को जारी आदेश में कहा गया है कि सभी प्रदर्शनकारियों की सूची बनाई जाए। उनका विभाग उन्हें नोटिस जारी करेगा और उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तानाशाह कैसा दिखता है? तानाशाह भगवंत मान जैसा दिखता है।’’

भाजपा के आरोपों पर पंजाब सरकार या राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाटिया ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अपनी ‘दमनकारी नीतियों’ के जरिए अपने कर्मचारियों का ‘दमन कर उन्हें परेशान’ कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों को आवाज उठाने और विरोध करने के उनके ‘संवैधानिक अधिकार’ से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘भगवंत मान सरकार राज्य सरकार के कर्मचारियों को परेशान कर रही है।’’

गत बृहस्पतिवार को पंजाब सरकार से अपनी मांगें मनवाने के लिए तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों ने सामूहिक आकस्मिक अवकाश लेकर राज्यव्यापी हड़ताल पर चले गए थे। ​​इन मांगों में रुका हुआ महंगाई भत्ता जारी करना, पुरानी पेंशन योजना लागू करना और संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करना शामिल है।

भाषा

धीरज प्रशांत

प्रशांत