Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

हिमाचल सरकार ने नैनो यूरिया की ज़बरन बिक्री के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की चेतावनी दी

शिमला, 31 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को उन डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जो राज्य में सामान्य खाद के साथ नैनो यूरिया की जबरिया बिक्री कर रहे हैं।

कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि किसानों को कोई खास खाद या उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अगर कोई डीलर, एजेंसी या सहकारी समिति यूरिया के साथ नैनो यूरिया की सशर्त बिक्री करते हुए पाई जाती है, तो नियमों के अनुसार दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने राज्य विधानसभा में ‘ध्यानाकर्षण प्रस्ताव’ के जरिये यह मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के किसानों पर तरल नैनो यूरिया की बोतलें जबर्दस्ती थोपी जा रही थीं।

उन्होंने इस मामले की जांच के लिए एक विधानसभा समिति बनाने और सदन के शीतकालीन सत्र से पहले रिपोर्ट सौंपने का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी मांग की कि अगर कोई सरकारी एजेंसी दोषी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाए।

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने पठानिया की मांग का समर्थन किया। इसके बाद, विपक्षी भाजपा के कई अन्य सदस्य भी कांग्रेस विधायक का समर्थन करने के लिए अपनी सीटों से उठे।

कृषि मंत्री कुमार ने समिति बनाने की मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के मंत्रालय की ओर से किसानों को नैनो यूरिया की बोतलें खरीदने के लिए मजबूर करने का कोई निर्देश नहीं है।

उन्होंने कहा कि विभाग ने पहले ही किसानों और सहकारी समितियों को सूचित कर दिया है कि नैनो यूरिया या नैनो यूरिया प्लस की खरीद पूरी तरह से किसान की अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं पर निर्भर करती है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय