Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

एससीबीए चुनाव: छह उम्मीदवार न्यायालय पहुंचे, कार्यकारिणी सदस्य पद के मतों की दोबारा गिनती का अनुरोध

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के चुनाव में कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ने वाले छह उम्मीदवारों ने चुनाव परिणाम को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।

इन उम्मीदवारों ने मतगणना प्रक्रिया में अनियमितता और हेरफेर का आरोप लगाते हुए मतपत्रों की दोबारा गिनती कराने का अनुरोध किया है।

एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (एओआर) डॉ. विपिन गुप्ता के माध्यम से दायर आवेदन में इस पद के चुनाव परिणाम को रद्द करने और एससीबीए चुनाव समिति की निगरानी में मतपत्रों की नए सिरे से गिनती कराने का अनुरोध किया गया है।

आवेदन दाखिल करने वालों में स्मृति कुमारी, श्वेता सिन्हा, शहला चौधरी, सुंदरी, सचिन पाहवा और कृष्ण कुमार गुप्ता शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से नहीं हुई और मतों की गिनती के तरीके के कारण कुछ उम्मीदवारों को अनुचित लाभ मिला।

याचिका के अनुसार, एससीबीए चुनाव के लिए मतदान 18 अगस्त को हुआ था तथा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानद सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए मतगणना उसी दिन पूरी हो गई थी।

इसमें कहा गया है कि हालांकि, कार्यकारिणी सदस्य के पदों के लिए मतगणना 19 अगस्त की शाम शुरू हुई और 20 अगस्त तक जारी रही तथा परिणाम अंततः 21 अगस्त को घोषित किए गए।

आवेदकों ने आरोप लगाया कि कुछ उम्मीदवारों से जुड़े स्वयंसेवकों को मतगणना प्रक्रिया में शामिल होने दिया गया, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रभावित हुई।

उन्होंने उच्चतम न्यायालय से चुनाव परिणाम को शून्य और अमान्य घोषित करने तथा एससीबीए चुनाव समिति को सभी संबंधित मतपत्रों की दोबारा गिनती कराने का निर्देश देने का आग्रह किया है। आवेदन में चुनाव परिणामों के निष्पक्ष निर्धारण के लिए आवश्यक अन्य निर्देश जारी करने का अनुरोध भी किया गया है।

भाषा अमित प्रशांत

प्रशांत