Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

बच्चे से मारपीट के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर मौजपुर में प्ले स्कूल सील करने की प्रक्रिया शुरू

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली सरकार ने यमुनापार के मौजपुर इलाके में स्थित एक प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना का संज्ञान लेते हुए विद्यालय को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली सरकार ने मौजपुर के एक प्ले स्कूल से सामने आई बेहद परेशान करने वाली घटना पर गंभीरता से संज्ञान लिया है।

इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिलाधिकारी (डीएम) ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्ट के मुताबिक, मामले में पुलिस जांच भी की जा रही है।

सीएमओ ने कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जिम्मेदारी तय हो और दोषी पाए जाने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई हो।

परिवार का आरोप है कि बच्चे को कई घंटों तक कुर्सी से बांधकर रखा जाता था।

सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को कथित रूप से कुर्सी से बांधे जाने, कान खींचे जाने और उसके साथ मारपीट होती नजर आ रही है।

भाषा नोमान अमित दिलीप

दिलीप