Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

दिल्ली: तीन वर्षीय नर्सरी छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में स्कूल बस चालक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक निजी स्कूल में एक बस चालक द्वारा तीन साल की बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्कूल की बस चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 19 अगस्त को तब सामने आई जब बच्ची के परिवार ने उसके गुप्त अंगों पर चोट के निशान देखे। पूछताछ करने पर बच्ची ने अपनी मां को स्कूल के एक 'बुरे अंकल' के बारे में बताया जो उसे चॉकलेट दिया करता था।

पुलिस ने बताया कि 24 अगस्त को बच्ची को स्कूल की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, जिसके दौरान उसने आरोपी की पहचान की।

यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला 24 अगस्त को बवाना थाने में दर्ज किया गया था। जिस स्कूल में कथित घटना हुई वह बाहरी-उत्तरी दिल्ली के पूठ खुर्द में है।

पुलिस ने बताया कि करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहे आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया।

एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर बच्ची का पीछा करते हुए बाथरूम तक गया, जहां उसने पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि बच्ची का चार बार उत्पीड़न किया गया था।

आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिसमें छोटे बच्चों को चॉकलेट देते हुए उसके वीडियो बरामद हुए हैं। स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया गया है।

अधिकारी ने कहा, 'स्कूल परिसर से सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया गया है और फोरेंसिक जांच के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में भेजा जा रहा है।'

मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि भूपेन्द्र सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बच्ची स्कूल की छात्रा है और उसके माता-पिता ने विकास नाम के चालक से जुड़े एक मुद्दे के बारे में प्रबंधन को सूचित किया था।

उन्होंने कहा, '24 तारीख को, हमने उसे बुलाया और सुनिश्चित किया कि उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। स्कूल एक उपासना स्थल, एक मंदिर की तरह होता है और हम ऐसे किसी भी मुद्दे को बर्दाश्त नहीं करते हैं, चाहे वह स्कूल के अंदर हो या कहीं और।'

सिंह ने कहा कि माता-पिता ने शुरू में स्कूल को सूचित किया था कि बच्ची को बिस्तर से गिरने के बाद चोट लगी है। बाद में उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मांगी और “हमने उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाई और उन्हें सौंप भी दी।

पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि कुछ स्कूल और लोग विद्यार्थियों को लाने-जाने के लिए उचित सत्यापन के बिना व्यक्तियों को काम पर रख रहे हैं और गैर वाणिज्यिक गाड़ियों या निजी गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

परामर्श के अनुसार, सभी स्कूल प्रबंधनों को केवल पुलिस द्वारा सत्यापित कर्मचारियों को ही नियुक्त करने की सलाह दी गई है, जिनमें चालक, सहायक, गार्ड और ग्रुप-डी कर्मचारी शामिल हैं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज ने राष्ट्रीय राजधानी में नाबालिगों के यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामलों की लगातार आ रही खबरों को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 'उदासीन और संवेदनहीन' प्रतिक्रिया का आरोप लगाया।

भारद्वाज ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'महिला मुख्यमंत्री के शासन में (दिल्ली) 'चाइल्ड रेप कैपिटल' बनी। कल की खबर - प्ले स्कूल में तीन साल के बच्चे का यौन उत्पीड़न हुआ। आज की खबर - तीन साल की बच्ची का उसकी स्कूल वैन के चालक ने यौन उत्पीड़न किया। एक और खबर - चलती बस में बस कर्मियों द्वारा 15 साल की लड़की से दुष्कर्म। मैं यह नहीं कह रहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन बच्चों से दुष्कर्म किया है, लेकिन ऐसी घटनाओं पर उनकी प्रतिक्रिया बेहद संवेदनहीन और उदासीन रही है।'

'आप' नेता ने मुख्यमंत्री पर जनकपुरी के एक निजी स्कूल में हेड क्लर्क द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का शिकार हुई तीन साल की बच्ची के माता-पिता से मुलाकात न करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि गुप्ता ने कभी भी आरोपी का पक्ष लेने के लिए स्कूल प्रबंधन को आड़े हाथों नहीं लिया।

भारद्वाज ने पोस्ट में कहा, 'जांच रिपोर्ट में स्कूल प्रबंधन द्वारा पॉक्सो के नियमों के गंभीर उल्लंघन का खुलासा होने के बावजूद उनकी सरकार और उनके मंत्री आशीष सूद ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। भाजपा बेशर्म इन्फ्लुएंसर के एक समूह को बढ़ावा दे रही है जो इन बलात्कारियों के पक्ष में सोशल मीडिया अभियान चलाएंगे।'

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव