Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

हरियाणवी गायक अंकित बालियान के पिता ने पुलिस कार्रवाई को ‘आधा इंसाफ’ करार दिया

मुजफ्फरनगर/शामली (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में आरोपी चार संदिग्ध शूटर में से दो के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उनके पिता ने सोमवार को कहा कि परिवार को अभी केवल ‘‘आधा इंसाफ’’ मिला है।

बालियान ने कहा कि बाकी दो आरोपियों को भी मारा जाना चाहिए और तभी परिवार को ‘‘पूरा इंसाफ’’ मिलेगा।

पुलिस के अनुसार, हरियाणवी गायक की हत्या में शामिल 50-50 हजार रुपये के इनामी शार्पशूटर मोहित और सुमित को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया।

सतबीर सिंह ने इस मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘हम पुलिस की इस कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। हमें आधा इंसाफ मिला है और बाकी आधा इंसाफ भी जल्द मिलना चाहिए।’’

उन्होंने बताया कि उन्हें सोमवार सुबह सूचना मिली कि उनके बेटे की हत्या में शामिल दो आरोपी मारे गए हैं।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें आधा इंसाफ इसलिए मिला है क्योंकि घटना में चार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है और अभी आधे बाकी हैं। उन सबको भी मार देना चाहिए। तभी हमें पूरा इंसाफ मिलेगा।’’

उन्होंने कहा कि उनका परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है, लेकिन बाकी आरोपियों के मारे जाने के बाद ही उसे पूरा इंसाफ मिलेगा।

अंकित की बहन रीना ने कहा कि पुलिस मुठभेड़ से कुछ तसल्ली तो मिली है, लेकिन परिवार अभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘दो लोग मारे गए हैं, यह ठीक है और हम संतुष्ट हैं, लेकिन जब तक उन सभी का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता, हम संतुष्ट नहीं होंगे।’’

रीना ने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहना चाहती हूं कि जब तक आरोपियों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता, हमें पूरी संतुष्टि नहीं मिलेगी। हम अपने भाई के लिए पूरा न्याय चाहते हैं। मैंने रक्षाबंधन से पहले ही अपना भाई खो दिया। अगर मैं अपना दुख बयां करने बैठूं, तो बोल भी नहीं पाऊंगी। हम अदालत नहीं जाना चाहते, हम ‘एनकाउंटर’ (मुठभेड़) चाहते हैं।’’

बालियान की पत्नी सीमा ने कहा कि मुठभेड़ से कुछ तसल्ली तो मिली है, लेकिन ‘‘काम अभी पूरा नहीं हुआ है’’ क्योंकि संदिग्ध एक गिरोह का हिस्सा लग रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें कुछ तसल्ली मिली है। मुठभेड़ में दो लोग मारे गए हैं, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है क्योंकि वे एक गिरोह की तरह काम करते हैं।’’

उन्होंने मुख्यमंत्री से ‘‘इस पूरे गिरोह को खत्म करने’’ की अपील करते हुए आशंका जताई कि किसी और परिवार को भी ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारे घर से कोई चला गया है, कल किसी और का बच्चा मारा जा सकता है। बेहतर होगा कि इस पूरे गिरोह को खत्म कर दिया जाए ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।’’

सीमा ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पर भरोसा है और उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में ‘‘पूरा न्याय’’ मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘समाज में ऐसे लोग हैं जो नहीं चाहते कि असामाजिक तत्व खुलेआम घूमें क्योंकि वे किसी पर भी गोली चला सकते हैं। आज हमारे साथ ऐसा हुआ और कल किसी और के साथ भी हो सकता है।’’

उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक लोगों को समाज से दूर किया जाना चाहिए ताकि और परिवारों को बर्बाद होने से बचाया जा सके।

जब उनसे पूछा गया कि क्या बालियान की हत्या की वजह उनके गाने और उनका काम हो सकता है, सीमा ने कहा, ‘‘अगर गाना ही वजह थी, तो यह कितनी निंदनीय बात है कि किसी का गाना ही उसकी मौत की वजह बन जाए? गाने में सब कुछ काल्पनिक होता है। कोई किसी गाने की वजह से दूसरे व्यक्ति के साथ ऐसा व्यवहार कैसे कर सकता है?’’

इससे पहले कई राजनीतिक और सामाजिक नेता बंती खेड़ा गांव में पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं।

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी रविवार को परिवार से मुलाकात की और मामले में कार्रवाई के लिए दो सितंबर तक की समय सीमा दी।

अंकित बालियान की 26 अगस्त को हुई हत्या के मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

भाषा सं आनन्द सिम्मी

सिम्मी