Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

पंजाब में झूठी शान के लिए हत्या: युवकों ने बहन के पति पर चाकू से हमला कर उसे मार डाला

अमृतसर, 31 अगस्त (भाषा) पंजाब के तरनतारन में 22 वर्षीय एक युवक की उसकी पत्नी के भाइयों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने रविवार को जगजीत सिंह पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उसने बताया कि लगभग एक माह पहले, जगजीत सिंह ने परिवार की मर्जी के खिलाफ आरोपियों की बहन से शादी कर ली थी। लड़की का परिवार कथित तौर पर इस शादी से खुश नहीं था।

पुलिस ने बताया कि रविवार को लड़की की मां ने जगजीत सिंह को बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया, जहां दोनों आरोपी पहले से ही इंतजार कर रहे थे।

उसने बताया कि जगजीत के पहुंचते ही दोनों भाइयों ने उस पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जसप्रीत सिंह को पकड़ लिया, लेकिन उसका भाई मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा