सियोल, 31 अगस्त (एपी) दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की एक अदालत ने ‘यूनिफिकेशन चर्च’ की नेता हाक जा हान को भ्रष्टाचार के मामले में सोमवार को दो साल की जेल की सजा सुनाई।
अदालत के जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, ‘सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट’ ने चर्च के दिवंगत संस्थापक सन म्योंग मून की पत्नी हान के खिलाफ फैसला सुनाया।
हान को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था। उन पर चर्च के अधिकारियों को तत्कालीन राष्ट्रपति यून सुक येओल की पत्नी और यून के करीबी एक प्रमुख नेता को रिश्वत देने का निर्देश देने का आरोप लगाया गया था।
उन पर चर्च के धन का गबन करने और अमेरिका में जुआ खेलने से जुड़े सबूत नष्ट करने का आदेश देने के आरोप भी लगाए गए थे।
‘सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट’ ने इससे पहले जनवरी में पूर्व प्रथम महिला किम कियोन ही को ‘यूनिफिकेशन चर्च’ से हीरे का हार और महंगे बैग समेत उपहार लेने के मामले में 20 महीने की जेल की सजा सुनाई थी। चर्च इन उपहारों के जरिए राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहता था।
अप्रैल में एक अपीलीय अदालत ने चर्च से एक और महंगा बैग लेने और शेयरों की कीमत में हेरफेर समेत अतिरिक्त आरोपों में भी उन्हें दोषी ठहराते हुए उनकी सजा बढ़ाकर चार साल कर दी थी।
यून द्वारा 2024 के अंत में मार्शल लॉ लागू किए जाने के बाद उनकी स्थिति में नाटकीय बदलाव आया। इस कदम के कारण यून के खिलाफ महाभियोग चलाया गया और अंततः उन्हें पद से हटा दिया गया।
एपी
सिम्मी मनीषा
मनीषा