न्यूयॉर्क, 31 अगस्त (एपी) दिग्गज खिलाड़ी और रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए।
रविवार को चार घंटे 36 मिनट तक चले पांच सेटों के इस मैराथन मैच में जोकोविच को अर्जेंटीना के मारियानो नावोन से 7-6 (5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा।
यूएस ओपन के पहले दौर में इससे पहले जोकोविच का रिकॉर्ड 19-0 था और उन्होंने 2006 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नहीं हारा था।
लेकिन फ्लशिंग मीडोज में चौथी वरीयता प्राप्त और चार बार के चैंपियन 39 वर्षीय जोकोविच काफी परेशान नजर आए। मैच के दौरान उन्हें उल्टी हुई और पैरों में भी तकलीफ हुई। इस बीच उन्होंने 70 बेजा गलतियां की।
जोकोविच यूएस ओपन में तीसरे दौर से पहले कभी नहीं हारे थे। यह उनके करियर में किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले दौर में सबसे लंबी अवधि का मैच था।
यूएस ओपन में अपने पदार्पण के ठीक 21 साल बाद मिली इस हार से अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह इस या किसी भी ग्रैंड स्लैम में जोकोविच का आखिरी मैच था।
पहले सेट के दौरान उनका मैच बीच में ही रोक दिया गया ताकि बारिश के कारण आर्थर ऐश स्टेडियम की छत को बंद किया जा सके।
बचपन से ही जोकोविच को अपना आदर्श मानने वाले नावोन ने मैच के बाद कहा, ‘‘मेरे लिए यह बहुत मुश्किल था क्योंकि आप इस कोर्ट पर सर्वकालिक महान खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से कोर्ट पर यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन अनुभव रहा है। यह शानदार कोर्ट है और सबसे बड़ा मंच है। जिस तरह से हमने खेल दिखाया वह अद्भुत था। मेरे कहने का मतलब है की पांच सेट तक मैच चला। मैं बहुत खुश हूं और यह बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’’
इससे पहले तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और 11वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक ने महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
पेगुला ने एलेना गैब्रिएला रूसे को 6-3, 6-2 से हराया। इस सत्र में सर्वाधिक 46 मैच जीतने वाली पेगुला का अगला मुकाबला वीनस विलियम्स और वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी सोफिया केनिन के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।
पेगुला ने कहा, ‘‘मैदान में उतरने से पहले मैं बहुत घबराई हुई थी, लेकिन मेरे कोच ने कहा कि मैंने अच्छा प्रदर्शन किया।’’
कोस्त्युक ने स्टॉर्म हंटर को 6-4, 6-1 से हराकर साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। इससे पहले वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थीं।
पुरुष एकल में 2021 के चैंपियन और सातवीं वरीयता प्राप्त दनिल मेदवेदेव ने ह्यूगो गैस्टन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराया।
पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले मेदवेदेव ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सप्ताह आसान नहीं थे। लेकिन मुझे खुशी है कि आज मैं शानदार प्रदर्शन करने में सफल रहा।’’
अमेरिका के 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल ने कोलमैन वोंग से पहले सेट के टाईब्रेक में हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 6-7 (3), 6-1, 6-3, 6-3 से जीत हासिल की।
महिला एकल के पहले दौर में उलटफेर भी देखने को मिला क्योंकि दो बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन और 27वीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेज्सिकोवा, कामिला रखिमोवा से 7-6 (4), 6-2 से हार गईं।
एपी
पंत
पंत