Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

पूर्वी क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र को 266 रन पर समेटा, कुछ ओवर के लिए सूर्यवंशी बने कार्यवाहक कप्तान

बेंगलुरु, 30 अगस्त (भाषा) पंद्रह वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को यहां दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन कुछ ओवरों के लिए ईशान किशन की जगह पूर्वी क्षेत्र की अगुआई की जिसने मध्य क्षेत्र को 266 रन पर ऑलआउट कर दिया।

भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और साथी दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट चटकाए जिससे पूर्वी क्षेत्र ने मध्य क्षेत्र को 80.1 ओवर में समेट दिया।

पूर्वी क्षेत्र के कप्तान ईशान किशन का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। मुकेश (56 रन देकर तीन विकेट) और सरकार (38 रन देकर तीन विकेट) ने मिलकर छह विकेट लिए जबकि मोहम्मद शमी ने 42 रन और ऑफ स्पिनर एमडी कौनैन कुरैशी ने 49 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। मध्य क्षेत्र की पूरी टीम 80.1 ओवर में पवेलियन लौट गई।

हालांकि सुबह के सत्र के दौरान दाहिनी कलाई पर चोट लगने के बाद किशन को मैदान छोड़ना पड़ा। जब किशन चोट का उपचार करा रहे थे, तब लंच से पहले और उसके बाद करीब एक घंटे तक सूर्यवंशी ने पूर्वी क्षेत्र के कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभाई। बाद में किशन मैदान पर लौटे और दोबारा टीम की कमान संभाल ली।

कप्तानी करते हुए सूर्यवंशी ने डीआरएस का सफल इस्तेमाल भी किया, जिससे पूर्वी क्षेत्र को एक अहम विकेट हासिल हुआ।

40वें ओवर में सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर आर्यन जुयाल ने मुकेश की गेंद पर ऑफ स्टंप के बाहर जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की। जुयाल उस समय 46 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे,पूर्वी क्षेत्र के खिलाड़ियों ने कैच आउट की अपील की, लेकिन मैदानी अंपायर ने अपील ठुकरा दी।

इसके बाद सूर्यवंशी ने अपने फैसले पर भरोसा जताते हुए डीआरएस लेने का फैसला किया। अल्ट्राएज में गेंद के बल्ले से गुजरते समय हल्का स्पाइक दिखाई दिया, जिसके बाद जुयाल को आउट करार दिया गया।

मध्य क्षेत्र के लिए रिंकू सिंह (88 गेंदों पर 60 रन) के जुयाल (46 रन) सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मध्य क्षेत्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 45वें ओवर तक टीम ने 125 रन पर अपनी आधी टीम गंवा दी थी।

इसके बाद रिंकू सिंह और हर्ष दुबे (27 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने छठे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर मध्य क्षेत्र की पारी को कुछ मजबूती दी।

लेकिन 60वें ओवर में कुरैशी ने हर्ष दुबे को पगबाधा आउट कर दिया जिसके बाद मध्य क्षेत्र की पारी लड़खड़ा गई।

सारांश जैन (13 रन) और आर्यन पांडे (22 रन) ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

निचले क्रम के बल्लेबाज यश ठाकुर (26 गेंद पर 30 रन) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मध्य क्षेत्र को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार टीम 300 रन के आंकड़े से पहले ही 266 रन पर सिमट गई।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर