Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

जल्लीकट्टू के खिलाफ टीवीके विधायक की टिप्पणी को लेकर अन्नाद्रमुक तीन सितंबर को प्रदर्शन करेगी

चेन्नई, 30 अगस्त (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने रविवार को घोषणा की कि वह ‘जल्लीकट्टू’ के खिलाफ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक एमवी करुपैया की कथित टिप्पणी को लेकर मदुरै जिले के अलंगनल्लूर वडीवासल में तीन सितंबर को विरोध-प्रदर्शन करेगी।

करुपैया ने तमिलनाडु विधानसभा में कथित तौर पर कहा था कि बैल को काबू करने से जुड़ा पारंपरिक खेल ‘जल्लीकट्टू’ युवाओं को “बर्बाद कर रहा है।”

अन्नाद्रमुक महासचिव ईके पलानीस्वामी ने एक बयान में कहा कि ‘जल्लीकट्टू’ तमिलों के गौरव, संस्कृति और वीरता का प्रतीक है।

उन्होंने इस खेल को बचाने के लिए पार्टी की ऐतिहासिक कानूनी लड़ाइयों के बारे में विस्तार से बताया।

पलानीस्वामी ने कहा कि 2014 में उच्चतम न्यायालय के ‘जल्लीकट्टू’ के आयोजन पर रोक लगाने के बाद दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता ने केंद्र सरकार पर दबाव डाला और एक समीक्षा याचिका दायर की।

उन्होंने युवाओं के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बीच जनवरी 2017 में तत्कालीन अन्नाद्रमुक सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश का भी जिक्र किया, जिसके बाद ‘पशु क्रूरता निवारण अधिनियम’ में संशोधन किया गया, जिसके चलते मई 2023 में संविधान पीठ का फैसला उनके पक्ष में आया।

पलानीस्वामी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से तीन सितंबर को सुबह 9:30 बजे अलंगनल्लूर में बड़ी संख्या में जुटने की अपील की।

भाषा पारुल नरेश अविनाश

अविनाश