Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

बिट्स-पिलानी में दाखिले के नाम पर 46 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में बीटेक छात्र गिरफ्तार

लखनऊ, 30 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिट्स-पिलानी में दाखिला कराने के नाम पर एक महिला से 46 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में बीटेक के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी यशराज बाजपेयी (21) दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। यशराज को यहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह कथित रूप से शहर छोड़ने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 20 अगस्त को आईआईएम रोड स्थित एल्डिको टाउन निवासी डॉ. किरण चौबे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरण यादव ने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर फर्जी शैक्षणिक परामर्श अकाउंट के माध्यम से प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने का झांसा दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दाखिले और पंजीकरण शुल्क के नाम पर बैंक हस्तांतरण और नकद के जरिए पैसे लिए तथा पीड़िता का भरोसा जीतने के लिए फर्जी दाखिला पत्र, रसीद और अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता से कुल 46 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपियों ने पीड़ित महिला की बेटी को बिट्स-पिलानी में दाखिला दिलाने का झांसा दिया था।

पुलिस ने बताया कि यशराज बाजपेयी और उसके साथियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का इस्तेमाल किया तथा इसी माध्यम से रकम का हस्तांतरण किया।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा

चंदन, आनन्द रवि कांत