Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर में नकाबपोश लोगों ने चोरी की

नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित घर में घुसकर तीन नकाबपोश लोगों ने नकदी और आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश लोगों को घर में घुसते और बाद में मोटरसाइकिल से फरार होते हुए देखा जा सकता है।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र के अंतर्गत टैगोर गार्डन के सी-ब्लॉक में हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस संदिग्धों का पता लगाने के लिए परिसर तथा आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा के अनुसार, रविवार तड़के तीन नकाबपोश लोग उनके पिता के घर में घुस गये और उनकी जमा-पूंजी तथा आभूषण चुराकर ले गए। उन्होंने बताया कि उनके 88 वर्षीय पिता सुरक्षित हैं।

लांबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पिता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना के बारे में पता चला है। तीन नकाबपोश लोग घर में घुसते हैं और 10 मिनट में सब कुछ साफ करने के बाद एक ही बाइक से फरार हो जाते हैं।’’

लांबा ने राजधानी में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की और पुलिस से संदिग्धों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यदि पुलिस चाहे तो हर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करके आसानी से अपराधियों तक पहुंच सकती है।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी हुई नकदी और आभूषणों की सटीक कीमत समेत अन्य जानकारी की अभी प्रतीक्षा है।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप