Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

केरलम: नीट-पीजी परीक्षा से कुछ मिनट पहले पुलिस ने पंजीकरण प्रमाण-पत्र दिलाने में अभ्यर्थी की मदद की

अलप्पुझा (केरल), 30 अगस्त (भाषा) केरलम पुलिस ने रविवार को चेंगन्नूर स्थित एक परीक्षा केंद्र पर पंजीकरण प्रमाण-पत्र की प्रति साथ लाना भूले राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) अभ्यर्थी की मदद करते हुए परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले उसे वह जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराया।

चेंगन्नूर थाने के अधिकारियों के अनुसार, कायामकुलम के पास कृष्णापुरम निवासी डॉ. अनस सुबह नौ बजे होने वाली नीट-पीजी परीक्षा में शामिल होने के लिए चेंगन्नूर के प्रोविडेंस कॉलेज पहुंचे थे।

पुलिस ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले अनस को पता चला कि वह पंजीकरण प्रमाण-पत्र की प्रति लाना भूल गए हैं। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिए यह दस्तावेज जरूरी था।

परीक्षा केंद्र उनके घर से काफी दूर था, इसलिए अनस ने कॉलेज में तैनात पुलिसकर्मियों से मदद मांगी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने प्रति निकलवाने के लिए खुली दुकानों की तलाश की, लेकिन रविवार होने के कारण सभी दुकानें बंद मिलीं।

इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने अनस से दस्तावेज की ‘सॉफ्ट कॉपी’ व्हाट्सऐप के जरिए उनमें से एक अधिकारी को भेजने को कहा और उसे चेंगन्नूर पुलिस थाने भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि थाने में दस्तावेज का प्रिंटआउट निकालकर तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।

पुलिस ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही पंजीकरण प्रमाण-पत्र की प्रति परीक्षा केंद्र पहुंचा दी गई।

दस्तावेज मिलने के बाद अनस परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर सके और परीक्षा दे पाए।

अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा पूरी करने के बाद अनस ने समय पर मदद करने के लिए पुलिसकर्मियों का आभार जताया और केंद्र से चले गए।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश