Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

पंजाब के फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत गोपी की गोली मारकर हत्या

फिरोजपुर (पंजाब), 30 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की यहां चार हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह हत्या चुनाव से जुड़े एक विवाद के कारण हुई।

शनिवार शाम को ममदोट के मुख्य बाज़ार में कार से आए चार हमलावरों ने अपनी गाड़ी से उतरकर मोटरसाइकिल पर सवार 45 वर्षीय सिंह और हरप्रीत उर्फ हैप्पी (22) पर गोलीबारी की।

पहले आयी खबरों में कहा गया था कि पीड़ित कार में थे।

सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) नेता और ममदोट नगर पंचायत के नवनियुक्त अध्यक्ष विक्की मैनी एक अलग कार में सिंह के पीछे चल रहे थे। सूत्रों ने बताया कि उन पर भी हमला हुआ, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ‘आप’ नेता गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हरप्रीत को बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

एसएसपी ने कहा कि हत्या हाल ही में हुए नगर पालिका परिषद चुनाव से जुड़ी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा है।

सिंह के पिता बलकार सिंह कांग्रेस के पूर्व नेता थे, जबकि उनकी भाभी भी हाल ही में नगर पंचायत सदस्य के रूप में निर्वाचित हुई थीं।

भाषा

गोला वैभव

वैभव