Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

टाटा मोटर्स को इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन की मांग मजबूत रहने की उम्मीद: प्रबंध निदेशक

नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) टाटा मोटर्स को अपने इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की मांग मजबूत बने रहने और आगे भी इसमें वृद्धि होने की उम्मीद है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गिरिश वाघ ने यह बात कही है।

उन्होंने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि चीन से सेल के आयात को लेकर जो आपूर्ति संबंधी दिक्कतें हैं, उनके चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरी तरह हल होने की उम्मीद है।

वाघ ने कहा कि कंपनी के विभिन्न इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन खंड में अच्छी ऑर्डर बुक मौजूद है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी को 3,400 से अधिक इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन के ऑर्डर मिले।

वाघ ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन की मांग को लेकर कंपनी का रुख सकारात्मक है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री-ई-बस सेवा योजना के तहत आने वाले समय में कुछ और निविदाएं भी जारी होने की उम्मीद है। हम इसको लेकर काफी सकारात्मक हैं।’’

कंपनी का बिजलीचालित छोटा वाणिज्यक वाहन (एससीवी) पिकअप पूरी तरह खुदरा बाजार में है और काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

वाघ ने बताया कि इलेक्ट्रिक इंट्रा और ऐस प्रो जैसे वाहनों की कुल परिचालन लागत अब उनके परंपरागत इंजन (आईसीई) वाहनों की तुलना में काफी आकर्षक हो गई है। इससे इन वाहन की मांग आगे भी मजबूत रहने की उम्मीद है।

हालांकि, कंपनी को इलेक्ट्रिक वाहन में इस्तेमाल होने वाली बैटरी सेल की आपूर्ति के मोर्चे पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। चीन से आयात होने वाले बैटरी सेल की मांग बढ़ने के कारण आपूर्ति में बाधा आई है।

वाघ ने कहा कि कंपनी ने करीब दो महीने पहले ही अधिक मात्रा में बैटरी सेल के लिए ऑर्डर दे दिए हैं। ऐसे में चालू तिमाही के अंत तक आपूर्ति संबंधी बाधा पूरी तरह दूर होने की उम्मीद है।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी के इलेक्ट्रिक एससीवी की बिक्री करीब 3,200 इकाई रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में चार गुना से अधिक है। इसके अलावा कंपनी के पास 850 से अधिक इलेक्ट्रिक बस के ऑर्डर भी हैं।

भाषा अजय अजय

अजय