Breaking News

पी. चिदंबरम ने CBI को अधिक शक्तियां देने से संबंधित विचार का किया विरोध     |   दक्षिणी लेबनान में इजरायल का बड़ा हमला, हिज्बुल्लाह के ड्रोन अटैक का दिया जवाब     |   डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को धमकी, बोले- जल्द पिकैक्स माउंटेन पर हमला कर सकता है अमेरिका     |   नेपाल में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 1344 पहुंचा, पुलिस ने दी जानकारी     |   चीन ने पहली बार मौतों का आंकड़ा बताया, इमिग्रेशन बिल्डिंग से 31 शव बरामद     |  

भदोही में मेमू ट्रेन पर पथराव के आरोप में चार गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में

भदोही (उप्र), 30 अगस्त (भाषा) वाराणसी से प्रयागराज जा रही एक मेमू ट्रेन पर पथराव के आरोप में रेलवे पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को अहिमनपुर रेलवे पड़ाव पर कुछ लोगों ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से विवाद के बाद रेल लाइन की गिट्टियों से पथराव किया और भाग गए थे। इस दौरान किसी यात्री ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

प्रयागराज में रामबाग के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के प्रभारी निरीक्षक दया शंकर यादव ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पथराव करने वालों की पहचान की गई। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम आरपीएफ और ज्ञानपुर रोड राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी आनंद कुमार की टीम ने अहिमनपुर स्टेशन के आसपास से आरोपियों की पहचान की।

उन्होंने बताया कि पथराव करने वालों में कृष्ण कुमार यादव उर्फ कृष्णा, अभिषेक प्रजापति, आदर्श प्रजापति, आदित्य गुप्ता (चारों की उम्र 18 से 20 साल) और दो नाबालिग शामिल हैं। सभी भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

यादव ने बताया कि पथराव में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना से कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा और यात्रियों में दहशत फैल गई। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला