Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

अमेरिका: दक्षिण कैरोलिना में गोलीबारी में पुलिस के एक अधिकारी की मौत, एक अन्य घायल

कोलंबिया, 30 अगस्त (एपी) अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर की गई ‘‘गोलीबारी’’ में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कोलंबिया के पुलिस प्रमुख डब्ल्यू. एच. स्किप होलब्रुक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 33 वर्षीय संदिग्ध हमलावर भी मारा गया है। उसका कई राज्यों में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

गोलीबारी की घटना का तब पता चला जब शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक महिला ने पुलिस को फोन कर बताया कि एक व्यक्ति उसके घर में संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है। महिला ने उस व्यक्ति के खिलाफ अदालत से प्रतिबंधात्मक आदेश ले रखा था।

एक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि संदिग्ध फरार हो चुका है। महिला ने अधिकारी को संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया और उसके वाहन की पहचान बताई।

होलब्रुक ने बताया कि पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे अधिकारी को महिला द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता एक व्यक्ति और एक वाहन दिखा। इसके बाद उन्होंने रेडियो पर संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना दी।

सहायता के लिए एक दूसरा अधिकारी भी मौके पर पहुंचा। कुछ ही मिनट बाद उसने रेडियो पर संदेश दिया कि ‘‘अधिकारियों को गोली लगी है और संदिग्ध को मार गिराया है।’’

गोलीबारी में मारे गए 29 वर्षीय पुलिस अधिकारी के बारे में होलब्रुक ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से विभाग में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज की शाम हम सभी के लिए काफी पीड़ादायक है।’’

उन्होंने बताया कि घायल अधिकारी की हालत स्थिर बनी हुई है।

एपी खारी वैभव

वैभव

खारी